निफ्टी लुढ़ककर 8150 के आसपास, सेंसेक्स 400 अंक टूटा::
बाजार में बिकवाली का दबाव बरकरार है। सेंसेक्स और निफ्टी में 1.5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिल रही है। आज के कारोबार में सेंसेक्स 26320 के नीचे तक लुढ़का है, तो निफ्टी ने 8120 के नीचे गोता लगा दिया। इस समय, सेंसेक्स 26450 के आसपास है, तो निफ्टी 8150 के आसपास नजर आ रहा है। दरअसल रुपये में कमजोरी और नोटबंदी से घरेलू बाजारों पर दबाव बना हुआ है।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों की तगड़ी पिटाई हो रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 4 फीसदी से ज्यादा गिरा है, जबकि निफ्टी का मिडकैप 100 इंडेक्स करीब 4 फीसदी तक टूटा है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 5 फीसदी तक गिर गया है।
ऑटो, मेटल, मीडिया, बैंकिंग, एफएमसीजी, फार्मा, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस और रियल्टी शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली हावी है। निफ्टी के ऑटो इंडेक्स में 4.6 फीसदी, मेटल इंडेक्स में 4.3 फीसदी, मीडिया इंडेक्स में 3.5 फीसदी, एफएमसीजी इंडेक्स में 1.75 फीसदी और फार्मा इंडेक्स में 1.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। बीएसई के कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में 6 फीसदी, ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2.9 फीसदी और रियल्टी इंडेक्स में 5.2 फीसदी की कमजोरी आई है।

बैंक निफ्टी 2 फीसदी गिरकर 19350 के नीचे फिसल गया है। हालांकि पीएसयू बैंकों में खरीदारी दिख रही है। निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 1 फीसदी से ज्यादा उछला है। आईटी शेयरों में खरीदारी दिख रही है। निफ्टी का आईटी इंडेक्स 1 फीसदी बढ़ा है।
फिलहाल बीएसई का 30 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 363 अंक यानि 1.4 फीसदी की गिरावट के साथ 26456 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला प्रमुख इंडेक्स निफ्टी 141 अंक यानि 1.7 फीसदी की कमजोरी के साथ 8155 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
बाजार में कारोबार के इस दौरान दिग्गज शेयरों में टाटा मोटर्स डीवीआर, टाटा मोटर्स, इंडसइंड बैंक, ग्रासिम, आयशर मोटर्स, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स, मारुति सुजुकी और बजाज ऑटो 8.8-3.5 फीसदी तक गिरे हैं। हालांकि दिग्गज शेयरों में बैंक ऑफ बड़ौदा, आइडिया, विप्रो, एचसीएल टेक, टीसीएस, इंफोसिस, डॉ रेड्डीज और एसबीआई 6.6-1.1 फीसदी तक मजबूत हुए हैं।
मिडकैप शेयरों में श्रीराम सिटी, एलएंडटी फाइनेंस, पेज इंडस्ट्रीज, ब्रिटानिया और इमामी सबसे ज्यादा 15.1-8 फीसदी तक टूटे हैं। स्मॉलकैप शेयरों में स्टील एक्सचेंज, केन फिन होम्स, पीसी ज्वेलर, डालमिया भारत और विपुल सबसे ज्यादा 20-15.4 फीसदी तक लुढ़के हैं।